UP Sarkari Naukri 2026: अमरोहा जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 105 पदों के लिए पात्र महिला अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक महिलाएं विभागीय वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।
24 सितंबर तक आवेदन का मौका

भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 4 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थी 24 सितंबर 2026 की रात 12 बजे तक अपना आवेदन जमा कर सकती हैं। विभाग ने इच्छुक महिलाओं से आवेदन करने से पहले भर्ती की पात्रता और अन्य शर्तों को ध्यान से जांचने की अपील की है।
ये भी पढ़ें: सड़क बनी नदी, बैलगाड़ी बनी सहारा, बिजनौर में बाढ़ के बीच चारा लेने निकले किसानों की तस्वीरें वायरल
जिले में 1430 केंद्र संचालित
अमरोहा जिले में वर्तमान में कुल 1430 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इनमें 1325 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 1250 सहायिकाएं तैनात हैं। अब कार्यकर्ताओं के 105 रिक्त पदों को भरने के लिए यह भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है।
किस परियोजना में कितने पद?
जिला कार्यक्रम अधिकारी ज्ञान प्रकाश तिवारी के अनुसार, अमरोहा शहर में 10, अमरोहा देहात में 9, धनौरा में 26, गजरौला में 17, गंगेश्वरी में 6, हसनपुर में 12 और जोया परियोजना में 25 पदों पर भर्ती की जाएगी।
18 से 35 वर्ष उम्र जरूरी

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के इन पदों के लिए अभ्यर्थी की आयु 1 जुलाई 2026 को न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष होनी चाहिए। इसके अलावा उम्मीदवारों को विभाग की ओर से निर्धारित अन्य पात्रता शर्तों को भी पूरा करना होगा।
मेरिट से होगा चयन
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पदों पर अभ्यर्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। यानी भर्ती प्रक्रिया में चयन के लिए निर्धारित शैक्षिक एवं अन्य पात्रता मानकों के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी।
मानदेय बढ़ाने का भी हुआ ऐलान
गौरतलब है कि योगी सरकार की ओर से हाल ही में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी का एलान किया गया है। इसी बीच अमरोहा में 105 पदों पर भर्ती शुरू होने से नौकरी की तलाश कर रहीं पात्र महिलाओं के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है।
ये भी पढ़ें: राशन कार्डधारकों की हुई बल्ले-बल्ले: यूपी में 35 kg मुफ्त राशन के साथ मिलेगी 18 रुपये किलो चीनी
आवेदन से पहले जांच लें पात्रता
विभाग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि ऑनलाइन आवेदन करने से पहले सभी पात्रता शर्तों, आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन संबंधी निर्देशों को अच्छी तरह पढ़ लें। पात्र महिला अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकती हैं।

Tannu Chauhan एक अनुभवी डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार लेखन का लगभग 3 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने Royal Bulletin और Moradabad Live News में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वह UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर तथ्यात्मक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं।












