Rampur Murder News: रामपुर जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 5 बच्चों की मां नसरीन की उसके ही पति इसरार उर्फ गुड्डू ने बिजली के करंट के खौफनाक झटके देकर बेरहमी से हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नसरीन के शरीर और गुप्तांगों पर करंट से जलने के 6 गंभीर निशान मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
2013 में हुई थी नसरीन की शादी

जानकारी के अनुसार, नसरीन की शादी वर्ष 2013 में केमरी थाना क्षेत्र के भटपुरा तारन निवासी इसरार उर्फ गुड्डू से हुई थी। दोनों के पांच बच्चे हैं, जिनमें चार बेटियां और एक बेटा बताया गया है। परिजनों के मुताबिक, नसरीन के माता-पिता की मृत्यु के बाद उसके पिता की संपत्ति सात बेटियों के नाम विरासत में दर्ज हुई थी। आरोप है कि इसी संपत्ति को लेकर ससुराल पक्ष की ओर से नसरीन पर जमीन बेचकर पैसे लाने का दबाव बनाया जाने लगा।
जमीन के पैसों को लेकर विवाद
परिजनों का आरोप है कि संपत्ति से जुड़े विवाद को लेकर नसरीन को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। शिकायत में पति इसरार उर्फ गुड्डू के साथ ही ससुर हनीफ, ननद बब्बो, नंदोई नूर आलम, ननद रफत और नंदोई इस्तेकार के नाम भी दर्ज कराए गए हैं। बाद में इसरार अपनी पत्नी और बच्चों के साथ टांडा हुरमतनगर में किराए के मकान में रहने लगा। परिवार का आरोप है कि यहीं विवाद ने बेहद गंभीर रूप ले लिया।
रात दो बजे सामने आई दर्दनाक घटना

14 अगस्त की रात करीब दो बजे नसरीन के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि उसके हाथ-पैर बांध दिए गए और उसके शरीर को गर्म धातु से जलाया गया। इसके बाद महिला को बिजली के झटके दिए गए। घटना की जानकारी सामने आने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें: दिन में महिला दरोगा, रात में कैमरे पर अश्लील खेल: बगल में QR कोड लगाकर वर्दी की आड़ में गंदा धंधा?
PM रिपोर्ट में करंट से मौत का खुलासा
मामले में पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नसरीन के शरीर पर पांच से छह स्थानों पर करंट लगने की बात सामने आई है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, रिपोर्ट में महिला की मौत करंट के झटकों से होने की बात सामने आई है। यही बिंदु अब पुलिस की जांच में अहम माना जा रहा है। पुलिस ने हत्या के आरोपों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने क्या बताया?
रामपुर के अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि थाना बिलासपुर क्षेत्र में एक अभियोग दर्ज कराया गया है। वादी ने अपनी भतीजी की हत्या उसके पति द्वारा किए जाने की बात कही थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पति गिरफ्तार, बाकी आरोपियों की तलाश
पुलिस के अनुसार, इस मामले में आरोपी पति इसरार उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है और उनकी तलाश की जा रही है। जांच के दौरान घटना से जुड़े सामान और अन्य साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है, ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा सकें।
ये भी पढ़ें: गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला इलाका, अमरोहा के दो गुटों में कई राउंड फायरिंग; पुलिस ने 3 को दबोचा
पांच बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
नसरीन की मौत के बाद उसके पांच बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। परिवार का आरोप है कि जमीन से जुड़े विवाद के चलते महिला को लंबे समय तक परेशान किया गया और आखिरकार उसकी जान चली गई।
पुलिस जांच से सामने आएगी पूरी सच्चाई
इस पूरे मामले में अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती घटना की पूरी परिस्थितियों को स्पष्ट करना है। महिला के शरीर पर मिले बिजली के झटकों के निशान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिवार की शिकायत और आरोपियों से पूछताछ को जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई साक्ष्यों और जांच के आधार पर की जाएगी।

Sunny Singh उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध और स्थानीय समाचारों को कवर करने वाले पत्रकार हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने India Update 24 और Hind 24 में कार्य किया है। वर्तमान में वे UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं।
