Sambhal News Today: उत्तर प्रदेश के संभल जिले के बबराला स्थित यारा फर्टिलाइजर फैक्ट्री में करीब 22 घंटे तक दहशत का माहौल बना रहा। फैक्ट्री परिसर में घुसे तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार रविवार सुबह करीब 5:30 बजे तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। इसके बाद फैक्ट्री प्रबंधन, कर्मचारियों और वन विभाग की टीम ने राहत की सांस ली। फिलहाल तेंदुए को वन विभाग की निगरानी में सुरक्षित रखा गया है। अब उसे जंगल में छोड़ने के लिए लखनऊ से अनुमति मांगी जा रही है।
सिक्योरिटी गार्ड की नजर पड़ते ही मचा हड़कंप
बबराला स्थित यारा फर्टिलाइजर फैक्ट्री में शनिवार सुबह करीब 7 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब सिक्योरिटी गार्ड परिसर में गाड़ी से निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें एक तेंदुआ दिखाई दिया। अचानक फैक्ट्री परिसर में तेंदुआ नजर आने से सुरक्षा कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। गार्ड ने तत्काल इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया।
रेस्क्यू टीम के सामने आई चुनौती
फैक्ट्री परिसर में तेंदुआ दिखाई देने के बाद वन विभाग की टीम ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान पता चला कि तेंदुआ आवासीय कॉलोनी की ओर स्थित गेस्टहाउस की पुलिया के नीचे पड़ी पाइपलाइन में जाकर छिप गया है। इसके बाद टीम ने उस स्थान को घेरकर तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने की योजना बनाई। उसकी मौजूदगी और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पाइपलाइन के अंदर कैमरे लगाए गए, जिनसे तेंदुए के वहां छिपे होने की पुष्टि हुई।
घंटों तक जारी रही पकड़ने की कोशिश
तेंदुए को पाइपलाइन से बाहर निकालना वन विभाग की टीम के लिए आसान नहीं था। रेस्क्यू के दौरान पाइपलाइन के एक सिरे को बंद कर दिया गया, जबकि दूसरे सिरे पर जाल और पिंजरे की व्यवस्था की गई। टीम ने उसे बाहर निकालने के लिए पाइपलाइन में पानी का प्रेशर भी छोड़ा, लेकिन तेंदुआ अपनी जगह से बाहर नहीं निकला। इसके बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने लगातार निगरानी जारी रखी। शनिवार सुबह से शुरू हुई मशक्कत देर रात तक चलती रही।
22 घंटे बाद सफल हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
करीब 22 घंटे की लगातार कोशिशों के बाद आखिरकार रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे वन विभाग की टीम को सफलता मिल गई। पाइपलाइन से बाहर निकलने के दौरान तेंदुआ पिंजरे में फंस गया। तेंदुए के पकड़े जाने की खबर मिलते ही मौके पर मौजूद टीम ने राहत की सांस ली। इस तरह शनिवार सुबह से फैक्ट्री परिसर में बनी दहशत रविवार सुबह खत्म हो गई। फिलहाल तेंदुए को सुरक्षित तरीके से वन विभाग की निगरानी में रखा गया है।
स्कूल में छुट्टी, कर्मचारियों की आवाजाही पर लगी थी रोक
फैक्ट्री परिसर में तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से कई जरूरी कदम उठाए गए थे। कर्मचारियों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो। वहीं, परिसर में स्थित विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल में छुट्टी कर दी गई थी। यहां सुबह 8:30 बजे से हजारों छात्र-छात्राएं पढ़ने के लिए आते हैं। ऐसे में अभिभावकों को ग्रुप के माध्यम से सूचना भेजी गई और बच्चों को स्कूल नहीं भेजने की हिदायत दी गई थी।
ये भी पढ़ें: संभल में 40 मिनट बारिश से बदला मौसम, घने कोहरे से थमी वाहनों की रफ्तार; अस्पतालों में बढ़े मरीज
लखनऊ से मांगी गई जंगल में छोड़ने की अनुमति
तेंदुए के पकड़े जाने के बाद अब वन विभाग की टीम उसके स्वास्थ्य परीक्षण की तैयारी कर रही है। रेंजर बृजमोहन ने बताया कि तेंदुए को फिलहाल फैक्ट्री परिसर में ही वन विभाग की निगरानी में सुरक्षित रखा गया है। उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि तेंदुए को किस जंगल में छोड़ा जाना है, इसके लिए लखनऊ से अनुमति मांगी जा रही है। अनुमति मिलने के बाद उसे सुरक्षित तरीके से उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाएगा।

Tannu Chauhan एक अनुभवी डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार लेखन का लगभग 3 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने Royal Bulletin और Moradabad Live News में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वह UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर तथ्यात्मक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं। Read More..










