Rampur Crime News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। टांडा थाना क्षेत्र के रामनगर लतीफपुर गांव में एक सरकारी नल से पानी भरने जैसी मामूली बात को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। शुरुआत में तो बस जुबानी जंग हो रही थी, लेकिन देखते ही देखते गुस्सा इस कदर भड़का कि मामला सीधे जानलेवा हमले तक जा पहुंचा।
गाली-गलौज से सीधे चाकूबाजी

मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच भयानक हाथापाई शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष ने धारदार चाकू निकाल लिए और दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। चाकूबाजी होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सड़क पर बहा खून, 4 गंभीर
इस खूनी संघर्ष और चाकूबाजी की घटना में दोनों पक्षों के करीब चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अचानक हुए इस हमले से गांव के लोग भी दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने खून से लथपथ घायलों को संभाला और आनन-फानन में इलाज व मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
चचेरे भाई का खौफनाक खुलासा

घटना के बाद एक पक्ष के पीड़ित अमित (चचेरे भाई) ने पुलिस के सामने दिल दहला देने वाला आरोप लगाया है। अमित का कहना है कि धर्मपाल, राजा और योगेश ने मिलकर मनीष और निशा पर चाकू से अचानक हमला कर दिया। इस ताबड़तोड़ हमले में मनीष और निशा बुरी तरह घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस की एंट्री, केस दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनुराग सिंह खुद एक्टिव मोड में आए। उन्होंने बताया कि सरकारी नल पर पानी भरने को लेकर ही दो पक्षों में यह खूनी झड़प हुई थी, जिसमें चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने बिना देर किए दोनों पक्षों की तहरीर और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
मेडिकल रिपोर्ट और सबूतों के आधार होगी कार्रवाई
एएसपी अनुराग सिंह के अनुसार, सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस की टीम मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इसके साथ ही पुलिस की फॉरेंसिक टीम और स्थानीय अफसर घटना से जुड़े अन्य सबूत जुटाने में लगे हैं। अधिकारियों का साफ कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और सबूतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: महीनों दर्द सहकर प्रेमी के लिए किन्नर से बनी लड़की, आगरा पहुंचते ही उड़े होश: निकला 2 बच्चों का बाप
जातीय एंगल से बढ़ा तनाव
जांच के दौरान पुलिस को एक और अहम जानकारी मिली है। पुलिस के मुताबिक, विवाद में शामिल एक पक्ष अनुसूचित जाति (SC) से है, तो दूसरा पक्ष पिछड़ा वर्ग (OBC) से ताल्लुक रखता है। दो अलग-अलग सामाजिक पृष्ठभूमि के पक्षों के बीच हुए इस हमले के कारण पुलिस हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है, ताकि चाकूबाजी के आरोपों का सच सामने आ सके।
गांव में खौफ, छावनी जैसा माहौल
इस वारदात के बाद से ही रामनगर लतीफपुर गांव में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है। दोनों पक्षों के बीच दोबारा हिंसक झड़प न हो, इसके लिए पुलिस की गाड़ियां गांव में लगातार गश्त कर रही हैं। पुलिस प्रशासन पूरी स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है और गांव वालों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।

Sunny Singh उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध और स्थानीय समाचारों को कवर करने वाले पत्रकार हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने India Update 24 और Hind 24 में कार्य किया है। वर्तमान में वे UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं।












