Kanpur Crime News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक कारोबारी की करोड़ों रुपये की पैतृक संपत्ति को कथित तौर पर धोखाधड़ी से अपने नाम कराने का मामला सामने आया है। कारोबारी प्रणवपत सिंहानिया ने आरोप लगाया है कि उन्हें नशीला पदार्थ देकर होटलों में बंधक बनाया गया और उनकी करीब 30 करोड़ रुपये की संपत्ति का महज 6.21 करोड़ रुपये में बैनामा करा लिया गया।
इतना ही नहीं, उनके बैंक खातों से भी करोड़ों रुपये का लेनदेन किए जाने का आरोप है। इस मामले में अब नजीराबाद पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दूसरा मुकदमा दर्ज किया है। इसमें 9 नामजद समेत 10 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
30 करोड़ की संपत्ति का 6.21 करोड़ में बैनामा
कारोबारी प्रणवपत सिंहानिया के मुताबिक, स्वरूपनगर निवासी बिल्डर अनूप अस्थाना और उसका बेटा सुयश अस्थाना वर्ष 2024 की शुरुआत से अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी शारीरिक और मानसिक स्थिति का फायदा उठा रहे थे। आरोप है कि सुयश उन्हें नशीला पदार्थ उपलब्ध कराता था। इसके बाद जुलाई 2024 से उन्हें होटल रीजेंटा में रखा गया, जहां परिवार के सदस्यों से मिलने-जुलने तक नहीं दिया जाता था।
कारोबारी का आरोप है कि इसी दौरान उनकी स्थिति का फायदा उठाकर संपत्ति से जुड़े दस्तावेज तैयार कराए गए। आरोपियों ने उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंकिंग दस्तावेज, चेकबुक और मोबाइल समेत कई जरूरी कागजात अपने कब्जे में ले लिए थे। इससे उनके आर्थिक और निजी दस्तावेजों पर आरोपियों का नियंत्रण हो गया।
ब्लैंक चेक और स्टांप पेपर पर कराए हस्ताक्षर
प्रणवपत सिंहानिया ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि अरुण कुमार वर्मा ने उनसे ब्लैंक चेक और स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर करा लिए थे। इसके बाद 26 मई 2025 को उनकी पैतृक संपत्ति का बैनामा पूर्णिमा दीक्षित के नाम करा दिया गया।
कारोबारी के मुताबिक, जिस संपत्ति की कीमत करीब 30 करोड़ रुपये थी, उसका सौदा महज 6.21 करोड़ रुपये में किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बैनामा कराने से पहले उन्हें नशीला पदार्थ दिया गया था, जिसके कारण उनकी शारीरिक और मानसिक स्थिति प्रभावित थी। कारोबारी ने इस पूरी प्रक्रिया को अपने साथ धोखाधड़ी बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जमा रकम से ज्यादा निकासी का दावा
जमीन के बैनामे के अलावा कारोबारी ने अपने बैंक खातों से करोड़ों रुपये के लेनदेन का भी आरोप लगाया है। उनकी शिकायत के मुताबिक, 1 मार्च से 30 नवंबर 2025 के बीच उनके खाते में करीब 2.29 करोड़ रुपये जमा हुए, जबकि इसी अवधि में 2.50 करोड़ रुपये से अधिक की निकासी की गई। कारोबारी का आरोप है कि आरोपियों ने उनके बैंकिंग दस्तावेज और चेकबुक अपने पास रखकर खातों से लेनदेन किया।
27 अक्टूबर को दर्ज हुई थी पहली FIR
इस मामले में कारोबारी की शिकायत पर स्वरूपनगर पुलिस पहले ही 27 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज कर चुकी है। इस केस में चार नामजद समेत आठ से दस अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिल्डर सुयश अस्थाना, बृजेन्द्र नाथ मिश्रा उर्फ बेबी बिल्डर और दवा कारोबारी श्रीराम मिश्रा उर्फ रमित मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, बिल्डर सुयश अस्थाना का पिता अनूप अस्थाना फरार बताया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। अब इसी प्रकरण में नजीराबाद पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दूसरा मुकदमा भी दर्ज किया है।
ये भी पढ़ें: जिस दादी ने गोद में खिलाकर किया बड़ा, उसी पोते ने घोंट दिया गला
कोर्ट के आदेश पर दूसरी FIR
नजीराबाद पुलिस की ओर से दर्ज दूसरे मुकदमे में बिल्डर अनूप अस्थाना, उसका बेटा सुयश अस्थाना, बृजेन्द्र नाथ मिश्रा उर्फ बेबी बिल्डर, दवा कारोबारी श्रीराम मिश्रा उर्फ रमित, अरुण कुमार वर्मा, कमल प्रकाश दीक्षित, उसकी पत्नी पूर्णिमा दीक्षित और सोनू पंडित समेत अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। दूसरे मुकदमे में लगाए गए आरोपों और सभी संबंधित लोगों की भूमिका की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पहली FIR के कानूनी प्रभाव पर चर्चा
मामले में एक ही घटना से जुड़े दो मुकदमे दर्ज होने को लेकर कानूनी सवाल भी उठ रहे हैं। पूर्व डीजीसी पीयूष शुक्ला के मुताबिक, एक घटना से संबंधित दो मुकदमे एक साथ नहीं चल सकते। उनके अनुसार, दूसरा मुकदमा दर्ज हो जाने के बाद विधिक प्रक्रिया के तहत उसे स्पंज करना होगा और इस मामले में पहला मुकदमा ही प्रभावी रहेगा।
ये भी पढ़ें: लखनऊ में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, एक ही परिवार के 3 लोगों की हत्या, इलाके में मचा हड़कंप
फिलहाल कारोबारी की शिकायत पर दर्ज दोनों मुकदमों और संपत्ति के बैनामे से जुड़े आरोपों की जांच का मामला पुलिस के पास है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि संपत्ति हस्तांतरण और बैंक खातों से हुए लेनदेन में किन लोगों की क्या भूमिका रही।

Tannu Chauhan एक अनुभवी डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार लेखन का लगभग 3 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने Royal Bulletin और Moradabad Live News में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वह UP News 24 के लिए विभिन्न विषयों पर तथ्यात्मक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं। Read More..










