Father Killed Daughter Agra News: आगरा के थाना एकता क्षेत्र के एक गांव में दो दिन पहले एक नाबालिग किशोरी अचानक गायब हो गई। जब वह वापस लौटी, तो घर में भूचाल आ गया। पिता को पता चला कि बेटी का प्रेम संबंध पड़ोस में ही रहने वाले दूसरी जाति के युवक से है। इस बात को लेकर घर में लगातार तनाव और तीखी बहस होने लगी।
समझाने के बाद भी नहीं मानी
पिता अपनी नाबालिग बेटी को लगातार उस युवक से दूर रहने की हिदायत दे रहा था। उसने हर तरह से समझाने की कोशिश की, लेकिन किशोरी अपने प्यार पर अड़ी रही और पीछे हटने को तैयार नहीं हुई। बेटी की जिद देखकर पिता का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने ऐसा कदम उठाने की ठान ली जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
तड़पती रही बेटी
जब रात के अंधेरे में बेटी गहरी नींद में सो रही थी, तब सिरफिरे पिता ने उस पर बांके से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद जब नाबालिग दर्द से तड़पने लगी, तो पिता का दिल फिर भी नहीं पसीजा और उसने अपने ही हाथों से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद 112 पर कॉल
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता के चेहरे पर न तो कोई पछतावा था और न ही डर। उसने खुद पुलिस को फोन किया और थाना पहुंचकर अपना जुर्म कबूल कर लिया। इस बात की जानकारी मिलते ही एसीपी और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।
DCP का बड़ा बयान
डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि यह वारदात सिर्फ तथाकथित ‘इज्जत’ और दूसरी जाति में अफेयर के चलते हुई या इसके पीछे कोई और गहरा राज भी छिपा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इस सनसनीखेज हत्याकांड से कई और पर्दे उठने बाकी हैं।
ये भी पढ़ें: पति को प्रेमिका संग घूमते देख भड़की पत्नी, बीच सड़क जमकर हुआ हंगामा
‘प्रतिष्ठा’ का काला सच
आगरा की इस दिल दहला देने वाली वारदात ने एक बार फिर समाज में ‘ऑनर’ और सामाजिक प्रतिष्ठा के खोखलेपन को उजागर कर दिया है। अपनी ही बेटी की निर्मम हत्या कर कानून को चुनौती देने वाला आरोपी पिता अब पुलिस हिरासत में है।
इस घटना ने समाज के सामने यह बड़ा सवाल छोड़ दिया है कि क्या ‘इज्जत’ का पैमाना किसी मासूम की जान से भी बड़ा हो सकता है?

Sunny Singh उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध और स्थानीय समाचारों को कवर करने वाले पत्रकार हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने India Update 24 और Hind 24 में कार्य किया है। वर्तमान में वे UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं।












