मुरादाबाद में चट्टा पुल टूटा, गांगन नदी में समाया पूरा परिवार; मां की मौत, मासूम बेटे की तलाश जारी

Moradabad Accident: यूपी के मुरादाबाद में चट्टा पुल की लकड़ियां टूटने से बाइक सवार परिवार गांगन नदी में गिर गया। हादसे में महिला किरन की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चा अभी लापता है।


August 29, 2026 by

Moradabad Accident News: मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में मलकद्दा स्थित चट्टा पुल पर रक्षाबंधन के दिन बड़ा हादसा हो गया। गांगन नदी पर बना अस्थाई लकड़ी का पुल अचानक टूट जाने से बाइक सवार एक परिवार नदी में जा गिरा। हादसे के समय बाइक पर पति-पत्नी के साथ उनके तीन बच्चे भी मौजूद थे। पुल टूटते ही परिवार के सभी सदस्य तेज बहाव वाली नदी में गिर गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू

हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए नदी में रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। लोगों की मदद से परिवार के पिता अनिल और उनके दो बच्चों को नदी से बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, उनकी पत्नी किरन और एक बच्चा नदी के तेज बहाव में बह गए। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम और गोताखोर मौके पर पहुंच गए।

दो घंटे तक नदी में चला सर्च ऑपरेशन

महिला और बच्चे की तलाश के लिए पुलिस और गोताखोरों ने करीब दो घंटे तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद महिला किरन का शव नदी से बरामद कर लिया गया। वहीं, उसका एक बेटा अभी भी लापता बताया जा रहा है। गोताखोर और रेस्क्यू टीम बच्चे की तलाश में नदी में अभियान चला रही है।

ये भी पढ़ें: यूपी में डराने लगा स्वाइन फ्लू: मुरादाबाद में मिला केस, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की चेतावनी

रक्षाबंधन पर ससुराल गया था परिवार

बताया गया कि छजलैट थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी मजदूर अनिल रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी पत्नी किरन और तीन बच्चों के साथ कुंदरकी क्षेत्र के नानपुर गांव स्थित अपनी ससुराल गया था। परिवार ने वहां रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। राखी बंधवाने के बाद अनिल पत्नी और बच्चों को लेकर बाइक से अपने घर वापस लौट रहा था।

चट्टा पुल पर पहुंचते ही टूटीं तीन लकड़ियां

chatta pul gangan river accident

परिवार जैसे ही मलकद्दा स्थित चट्टा पुल पर पहुंचा, उसी दौरान पुल में लगी तीन लकड़ियां अचानक टूट गईं। पुल का हिस्सा टूटते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और अनिल, उनकी पत्नी किरन तथा तीनों बच्चे बाइक समेत सीधे गांगन नदी में जा गिरे। नदी में तेज बहाव होने के कारण परिवार के सदस्यों को संभलने का मौका नहीं मिल सका।

एक बच्चा अब भी लापता

रेस्क्यू के दौरान अनिल और उनके दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन किरन और उनका एक बेटा नदी के बहाव में बह गए। बाद में रेस्क्यू टीम को किरन का शव बरामद हो गया। हादसे में लापता बच्चे की तलाश अभी जारी है और पुलिस व गोताखोर नदी में संभावित स्थानों पर सर्च कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: नेपाल से गंडक नदी में बहकर आए 3 शव, SSB-SDRF ने निकाला बाहर, खौफनाक मंजर देख सहमे लोग

अस्थाई पुल की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद गांगन नदी पर बने अस्थाई लकड़ी के पुल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय स्तर पर यह सवाल भी उठ रहा है कि जिस पुल से लोग नियमित रूप से आवागमन कर रहे थे, उसकी मजबूती और सुरक्षा की पर्याप्त जांच की गई थी या नहीं। हादसे ने अस्थाई पुलों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Share: