Kushinagar News in Hindi Today: यूपी के कुशीनगर में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कसया थाना क्षेत्र के चुरामन छपरा गांव में 22 वर्षीय युवक मोहित मद्धेशिया की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस की जांच में सामने आया कि युवक एक युवती से बातचीत करता था और सोमवार रात उसने उसे गांव के बाहर स्थित अपने दूसरे मकान पर मिलने के लिए बुलाया था।
इसी दौरान युवती के पिता और उसके चचेरे भाई ने दोनों को एक साथ देख लिया। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने लोहे की रॉड से मोहित पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
सुबह शव मिलने से मचा हड़कंप
मंगलवार सुबह मोहित का शव सड़क के पास मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की हत्या की जानकारी जैसे ही ग्रामीणों को हुई, लोगों का आक्रोश बढ़ गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और हेतिमपुर-गोबरही मार्ग पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ बढ़ती चली गई और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई जाने लगी।
ये भी पढ़ें: शादी के 6 दिन बाद दुल्हन प्रेमी संग फरार, ससुराल वालों को नशीली चाय पिलाकर फुर्र
परिजनों ने दर्ज कराया मुकदमा
मृतक के पिता योगेंद्र मद्धेशिया की तहरीर पर पड़ोस के गांव के रहने वाले दो भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए नामजद आरोपियों की तलाश तेज कर दी। इसी बीच जांच में युवक के प्रेम संबंध की बात सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने युवती को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया।
घर में घुसकर हत्या

मोहित के परिजनों ने आरोप लगाया कि रात के समय कुछ लोग घर में घुसे और उसकी बेरहमी से पिटाई की। परिजनों के मुताबिक, हत्या के बाद शव को घर के पीछे वाले रास्ते से घसीटकर सड़क की तरफ ले जाया गया। उनका शक था कि आरोपी शव को कहीं और ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इसी दौरान सड़क पर किसी वाहन की रोशनी दिखाई देने पर वे शव को रास्ते में छोड़कर भाग गए।
पूछताछ में खुली हत्या की गुत्थी
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने युवती से भी पूछताछ की। पूछताछ और जांच में सामने आया कि मोहित और युवती के बीच बातचीत होती थी। सोमवार रात मोहित ने युवती को गांव के बाहर स्थित अपने दूसरे मकान पर मिलने के लिए बुलाया था। युवती के पिता को जब इसकी जानकारी हुई तो वह अपने चचेरे भाई के साथ बेटी को तलाशते हुए मोहित के मकान पर पहुंच गया।
ये भी पढ़ें: मुरादाबाद में दो बड़े नेताओं में जमकर गाली-गलौज: हादसे के बाद बिगड़ा मामला, वीडियो हुआ वायरल
दोनों को साथ देखकर भड़के आरोपी
पुलिस के मुताबिक, युवती के पिता और उसके चचेरे भाई ने मोहित और युवती को एक साथ देख लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने गुस्से में मोहित पर हमला कर दिया। आरोप है कि लोहे की रॉड से युवक के सिर और शरीर पर कई वार किए गए। गंभीर चोट लगने के कारण मोहित की मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
लोहे की रॉड बरामद
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड बरामद कर ली है। अधिकारियों के मुताबिक, इसी रॉड से मोहित पर हमला किया गया था। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को भी पुलिस जुटा रही है।
तीन घंटे में हत्या का खुलासा

एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मोहित की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई। उन्होंने बताया कि युवती के पिता और उसके चचेरे भाई ने युवक पर लोहे की रॉड से हमला किया था। पुलिस ने घटना के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

Sunny Singh उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध और स्थानीय समाचारों को कवर करने वाले पत्रकार हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और समाचार लेखन का लगभग 4 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने India Update 24 और Hind 24 में कार्य किया है। वर्तमान में वे UP News 24 की डिजिटल डेस्क पर कार्यरत हैं।
